बदायूं , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के उसहैत थाना क्षेत्र में एक कलयुगी पिता ने शराब के नशे में अपने ही इकलौते बेटे की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि बची गांव निवासी नरेश अपने बेटे रामोतार (35) के साथ कई सालों से बदायूं शहर में रहकर सब्जी बेचने का काम करता था। शुक्रवार को दोनों अपने गांव बची आए थे। गांव पहुंचने के बाद रात में पिता-पुत्र एक साथ बैठकर शराब पीने लगे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पिता नरेश ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और बेटे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कुल्हाड़ी के वार से रामोतार की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उसहैत थाना पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने चारपाई पर पड़े शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर क्षेत्र अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को उसहैत के ग्राम बच्ची में एक पिता ने अपने पुत्र की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी है। इस मामले में हत्यारोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। विवाद किस बात पर हुआ था, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित