बदायूं , सितंबर 12 -- उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में करीब एक करोड़ रुपये की चोरी का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। सिविल लाइंस पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 79 लाख रुपये नकद और करीब 21 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। चोरी में इस्तेमाल हुंडई वरना कार भी पुलिस ने बरामद की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिफ अंसारी और वसीम अंसारी, दोनों निवासी मेरठ के रूप में हुई है। आरिफ एक सर्राफ शेख दिलावर हुसैन के यहां ड्राइवर का काम करता था।

पूछताछ में आरिफ ने बताया कि उस पर और वसीम पर कर्ज था। दोनों ने पहले से चोरी की योजना बनाई थी। 10 सितंबर को वह सर्राफ की गाड़ी लेकर अपने साथी सरफराज के साथ माल और रुपये देने-लेने बदायूं आया था। वापसी के दौरान दास कॉलेज के पास आरिफ ने बिरयानी खाने के बहाने गाड़ी रुकवाई। पुलिस के अनुसार, उसने जानबूझकर गाड़ी लॉक नहीं की और सरफराज को अपने साथ दुकान पर ले गया। इसी दौरान वसीम अपनी कार से वहां पहुंचा और गाड़ी में रखे सोने के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, चोरी को सामान्य वारदात दिखाने के लिए आरोपियों ने गाड़ी के पीछे का शीशा भी तोड़ दिया, ताकि पुलिस और मालिक को लगे कि बाहर से किसी ने गाड़ी में घुसकर चोरी की है। चोरी के बाद वसीम नकदी और जेवरात लेकर बदायूं में छिप गया। दोनों आरोपी जब चोरी का माल लेकर मेरठ जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 79 लाख रुपये नकद और करीब 101.68 ग्राम पीली धातु के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस ने जेवरात की कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई है। वसीम के पास से 500-500 रुपये के नोटों की 100 गड्डियां यानी 50 लाख रुपये बरामद हुए। वहीं वरना कार से 500-500 रुपये की 57 गड्डियां और 100-100 रुपये की पांच गड्डियां बरामद हुईं, जिनकी कुल रकम 29 लाख रुपये बताई गई है।

मामले में थाना सिविल लाइंस में मुकदमा संख्या 323/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मामले में BNS की धारा 317(2) और 61(2) भी बढ़ाई है। उन्होंने बताया कि घटना के सफल अनावरण और बरामदगी में शामिल पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित