बदायूं , अगस्त 18 -- उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में बदायूं-मुरादाबाद मार्ग पर दहमी गांव के पास मंगलवार तड़के तेज रफ्तार एंबुलेंस और ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर में ऑटो रिक्शा पर सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने बताया कि वजीरगंज से बदायूं की ओर आ रहे ऑटो रिक्शा की दहेमी गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही एंबुलेंस से भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में यूनुस (44) निवासी जिला बरेली और ऑटो सवार एक अज्ञात युवक की मौत हो गई जबकि अफसाना एवं सबीना गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों की सलाह पर गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद एंबुलेंस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित