वडोदरा , सितंबर 08 -- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि 2014 के बाद से रेलवे में ने व्यापक बदलाव हुए हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे की सूरत बदल रही है। श्री वैष्णव ने यहाँ एक जनसभा को संबोधित करते हुए मंगलवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने स्वर्ण चतुर्भुज योजना शुरू की थी, जिससे देश में राजमार्ग का कायाकल्प हुआ था। उसी तरत का बदलाव श्री मोदी रेलवे में ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिचालन और आरक्षण प्रणालियों को आधुनिक बनाया जा रहा है। साथ ही पुरानी निर्माण प्रथाओं में भी सुधार किया जा रहा है। रेलवे हर प्रक्रिया को सुधारकर आधुनिक बना रहा है। इसमें माल ढुलाई कार्यों के आधुनिकीकरण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत विशेष तरह के नए वैगन तैयार किए गए हैं, जिसमें नमक परिवहन के लिए एक विशेष डिजाइन भी शामिल है।इस दौरान रेल मंत्री ने बताया कि कई लंबे समय से लंबित रेलवे परियोजनाएं अब पूरी हो चुकी हैं। इनमें चेनाब ब्रिज और मिजोरम को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने वाली परियोजना प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में 280 स्टेशनों के पुनर्निर्माण का कार्य पूरा हो गया है और करीब 36,000 किलोमीटर नये रेलवे ट्रैक तैयार किये गये हैं। माल ढुलाई को आधुनिक बनाने के लिए वंदे भारत तकनीक पर आधारित कार्गो ट्रेनों का काम भी चल रहा है।
श्री वैष्णव ने इस दौरान वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के परिचालन का भी उल्लेख किया। साथ ही कांग्रेस सरकार पर रेलवे के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित