पटना , मार्च 06 -- पटना शहर में बदलते मौसम को देखते हुए मच्छरों की संख्या में संभावित वृद्धि की आशंका के मद्देनज़र पटना नगर निगम ने रोकथाम और नियंत्रण के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है।

इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार सफाई, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव जैसे कार्य किए जा रहे हैं, जिससे मच्छरों के पनपने की संभावना को शुरुआती स्तर पर ही खत्म किया जा सके।

पटना नगर निगम के आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मैनहोल और कैचपिट की नियमित सफाई सुनिश्चित करें तथा सफाई के दौरान एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव अनिवार्य रूप से कराएं ऐसा करने से मच्छरों के लार्वा को पनपने से पहले ही नष्ट किया जा सकेगा। साथ ही, इन कार्यों की निगरानी के लिए कार्यपालक पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।

जहां कहीं भी शहर में पानी के स्थिर होने की स्थिति देखी जा रही है, वहां विशेष उपाय अपनाए जा रहे हैं। इसके तहत लकड़ी के कुन्नी को कपड़े में बांधकर लगभग 10 सेंटीमीटर व्यास का गोला तैयार किया जाता है, जिसे जले हुए मोबिल में भिगोकर स्थिर पानी में चार से पांच की संख्या में डाला जा रहा है, जिससे पानी की सतह पर परत बन सके और मच्छरों के पनपने की संभावना कम हो।

नगर निगम ने सभी क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की दैनिक रिपोर्ट कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने और उसकी समेकित रिपोर्ट मुख्यालय को समर्पित करने के निर्देश भी दिए हैं, जिससे पूरे अभियान की नियमित निगरानी की जा सके।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने घरों और आसपास कूलर, पुराने टायर, गमलों और अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें ,यदि किसी क्षेत्र में फॉगिंग या एंटी-लार्वा छिड़काव की आवश्यकता हो, तो नागरिक नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 155304 पर संपर्क कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित