चमोली , अक्टूबर 30 -- उत्तराखंड में बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ हेलीकॉप्टर शुक्रवार को चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे पायलट समेत उसमे सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को बरामद कर लिया है।
चमोली के एसएसपी सुरजीत सिंह पंवार ने हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने सभी शव बरामद कर लिए हैं। बचाव दल शवों को घटनास्थल से निकालकर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया में जुटा हैं। अभियान में पुलिस, एसडीआरएफ और सेना की टीमें समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर (कॉल साइन वीटी-एचसीएक्स ) शुक्रवार दोपहर करीब 13:12 बजे बदरीनाथ से सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था। उड़ान भरने के महज दो मिनट बाद 13:14 बजे जोशीमठ घाटी के ऊपर हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसकी सूचना आर्मी पोस्ट के माध्यम से प्रशासन को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमें तत्काल सर्च एवं बचाव अभियान के लिए रवाना की गईं। गोपेश्वर से ड्रोन टीमों को भी तलाशी अभियान में लगाया गया।
हादसे में जान गंवाने वालों में दिल्ली निवासी 48 वर्षीय पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल तथा कर्नाटक निवासी पांच यात्री प्रतापा (41), अरुण सालुंके (44), वीबी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एचएस नटराजा (51) शामिल हैं।
हेलीकॉप्टर हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वंही ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड की सभी उड़ानो पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई है।चमोली हेलीकॉप्टरउत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित