चमोली 30 जुलाई (वार्ता) देवभूमि उत्तराखंड स्थित भगवान विष्णु के बैकुंठ धाम यानी बदरीनाथ के एक आश्रम में भगवान स्वर्ण मणिरजित मुकुट और कुछ अन्य सामान चुराने वाला कथित साधुवेश धारी गिरफ्तार कर लिया गया और उससे चुराया सारा सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गत 27 जुलाई को प्रार्थी ब्रह्मचारी भगवत दास, ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम, ब्रह्मकपाल द्वारा थाना कोतवाली श्री बदरीनाथ में तहरीर दी गई कि आश्रम में भजन-कीर्तन के लिए शरण लेने वाले साधु राघवदास ने 24 जुलाई की रात्रि मंदिर से भगवान नारायण का लगभग पांच लाख रुपए मूल्य का सोने का मणिजड़ित मुकुट एवं नकदी चोरी कर ली है। धार्मिक आस्था से जुड़े इस गंभीर प्रकरण की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस ने बताया कि धार्मिक आस्था के इस विषय के निराकरण को गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए घटना स्थल एवं उसके आसपास गहन छानबीन की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए आरोपी की तलाश निरंतर जारी रखी गई। फलस्वरूप बुधवार को मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास से आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघव दास पुत्र श्यामता प्रसाद पाठक, निवासी ग्राम मुनीमपुर, थाना भिनगा, जिला श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आराेपी की निशानदेही पर भगवान नारायण का चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट, चोरी की गई नकदी में से 4,500 रुपए तथा घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मुकुट तथा वहीं ठहरे प्रभुदास नामक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी की थी। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट एवं अन्य सामान बरामद कर लिया गया। बरामदगी के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) भी जोड़ दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित