सिरसा,0जून (वार्ता) हरियाणा-राजस्थान सरहद के गांव बणी के दो युवक वीरवार को इंदिरा गांधी नहर में बह गए। गर्मी से राहत के लिए बणी गांव के दस दोस्त इंदिरा गांधी नहर में नहाने गए थे,जिनमें से आठ युवक को लौट आए जबकि दो युवक गहरे व तेज बहाव में बह गए। युवकों ने इस घटना की जानकारी गांव में आकर दी तो उनके परिजन व गांव के लोग नहर की ओर भागे ओर गोताखोर को बुलाकर उनकी पड़ताल शुरू की।

ये युवक हरियाणा के बणी को राजस्थान के सूरेवाला को जोडऩे वाले इंदिरा नहर के पुल के पास नहा रहे थे। समाचार लिखे जाने तक पानी में डूबे दोनों युवक नहीं मिले थे,शाम ढलने पर फिलहाल गोताखोर ने अपना काम रोक दिया है। डूबे युवकों की पहचान मनीष पुत्र राजकुमार व मोहित पुत्र रोहताश के तौर पर बताई गई है। बणी गांव के सरपंच संजीव,पूर्व सरपंच रविंद्र सिंह व पंचायत समिति सदस्य गगनदीप ने घटना की पुष्टि की है। दो युवकों के डूबने के बाद गांव में माहौल गमगीन है। डूबे युवक अपने अपने परिवार में इकलौते ही थे।

बता दें कि बच्चों के डूबने की घटनाओं के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने चंद दिन पहले ही नहरों में नहाने पर प्रतिबंध लगाया था। लेकिन बणी गांव के युवक गांव से थोड़ी दूर बहती इंदिरा गांधी नहर में नहाने चले गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित