ऋषिकेश , अगस्त, 04 -- उत्तराखंड में कांवड़ मेला-2026 के दौरान गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने ऋषिकेश क्षेत्र में मंगलवार से सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और अधिक सुदृढ़ कर दिया है। श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसडीआरएफ की टीमें ऋषिकेश, मुनिकीरेती और लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्रों के सभी प्रमुख घाटों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार तैनात रहकर सतर्क निगरानी कर रही हैं।
एसडीआरएफ के जवान गंगा घाटों पर लगातार गश्त करते हुए तेज बहाव और गहरे जल वाले क्षेत्रों में किसी भी श्रद्धालु या कांवड़िये को प्रवेश नहीं करने दे रहे हैं। साथ ही लोगों को नदी के बहाव वाले हिस्सों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी प्रकार का अनावश्यक जोखिम नहीं उठाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं को समय-समय पर लाउडहेलर के माध्यम से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी प्रसारित किए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा निर्धारित घाटों पर ही स्नान करने, गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित