पटना , मार्च 12 -- बिहार महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरवत जहाँ फातिमा ने गुरुवार को बढ़ती महंगाई का हवाला देते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला और कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है और यह आम लोगों के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय है।
सुश्री फातिमा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि किसानों, मजदूरों, मध्यम वर्ग और गृहणियों पर लगातार बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण सामान्य परिवारों का घरेलू बजट गंभीर दबाव में है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश का आम नागरिक महंगाई से जूझ रहा है, लेकिन सरकार इसे नियंत्रित करने के लिए गंभीर और प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी, एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती लागत तथा खाद्य तेल, दाल, सब्जियां और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में उछाल से करोड़ों परिवारों की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है।
सुश्री फातिमा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियां महंगाई पर नियंत्रण करने में अप्रभावी साबित हुई हैं। उनके अनुसार पेट्रोल और डीजल पर भारी कर तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने में सरकार की विफलता ने लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि जब देश की जनता महंगाई से परेशान होती है, तब सरकार राहत देने के बजाय लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस नेता ने पेट्रोल और डीजल पर करों में तत्काल कमी, एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती तथा खाद्य पदार्थों और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी नीतियां लागू करने की मांग करते हुए केंद्र सरकार से महंगाई से प्रभावित गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बढ़ती कीमतों के मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और सरकार पर लोगों को राहत देने के लिए दबाव बनाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित