चंडीगढ़ , जून 10 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में बढ़ते तापमान और लू के प्रभाव को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। चंडीगढ़ सेक्टर-42 हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. तरुण ने विशेष बातचीत में कहा कि सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक तेज धूप और गर्म हवाओं का प्रभाव सबसे अधिक रहता है। ऐसे समय में लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए।

डॉ. तरुण ने बताया कि लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण अस्पतालों में चक्कर आना, डिहाइड्रेशन और लू जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, तरल पदार्थों का सेवन करने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी।

वहीं, शहर के राहगीरों ने भी बढ़ती गर्मी पर चिंता जताई। उनका कहना है कि इस बार गर्मी का असर काफी अधिक है, जिससे लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

चंडीगढ़ पुलिस के एक कर्मचारी ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को लगातार ऐसे मामलों की सूचना मिल रही है, जिनमें लोगों की तबीयत गर्मी के कारण बिगड़ रही है या उन्हें चक्कर आ रहे हैं। ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल सहायता पहुंचाकर प्रभावित लोगों को सरकारी अस्पतालों में भर्ती करवा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित