पणजी , अक्टूबर 14 -- महेश पिठिया और भार्गव भट्ट के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदलौत बड़ौदा ने बुधवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले में गोवा को पारी और 135 रनों से करारी शिकस्त दी। महेश पिठिया और भार्गव भट्ट ने मैच के दौरान नौ- नौ विकेट लिये। इसके अलावा महेश पिठिया ने 66 रनों का भी योगदान दिया। उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।

आज यहां गोवा ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 35 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में पिठिया ने कप्तान तेजराणा (47) रन को आउट कर पवेलियन भेज दिया। स्नेहल कौथनकर (शून्य) लिंबानी का शिकार बने। 48वें ओवर में भार्गव भट्ट ने शिवेंद्र भुजबल (46) को आउट कर बड़ौदा को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद गोवा के बल्लेबाज बड़ौदा के गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सके और उनकी पूरी टीम 68 ओवरों में 138 रन पर सिमट गई।

बड़ौदा के लिए भार्गव भट्ट ने पांच विकेट लिये। महेश पिठिया को चार विकेट मिले। राज लिंबानी ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित