अलवर , सितम्बर 24 -- राजस्थान में अलवर जिले के बड़ौदा मेव थाना क्षेत्र में गुरुवार को थाने के मुख्य द्वार के पास एक व्यक्ति की पत्थर से हमला किये जाने के बाद मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सेकुन के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये और थाने के बाहर धरने पर बैठ गये। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि सेकून खेती-बाड़ी का काम करता था और खेती में इस्तेमाल होने वाली दवा लेने के लिए बाजार आया था। इसी दौरान फल मंडी के पास एक व्यक्ति ने अचानक उसके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने पर पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि आरोपी को घटना के तुरंत बाद पुलिस ने दस्तयाब कर लिया था। आरंभिक जांच में आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले उसका अपने पिता से भी विवाद हुआ था। आरोपी मूल रूप से बड़ौदा मेव का रहने वाला है, लेकिन लंबे समय से यहां नहीं रह रहा था। उसकी मानसिक स्थिति का वास्तविक आकलन मेडिकल बोर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

मृतक के परिजनों ने घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, लेकिन समय रहते हमलावर को रोकने और पीड़ित को बचाने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किये गये।

पुलिस ने इस आरोप से इन्कार करते हुए कहा है कि घटना सड़क पर हुई और घायल को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद रामगढ़ की पूर्व विधायक सफिया खान भी अपने समर्थकों के साथ बड़ौदा मेव थाने पहुंचीं और थाने के बाहर धरने पर बैठ गईं। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक परिजनों की मांगें नहीं मानी जातीं, धरना जारी रहेगा।

पुलिस के अनुसार मृतक के परिजनों की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हो चुकी है और उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। थाने के बाहर हालांकि चल रहे धरने और प्रदर्शन के कारण कार्रवाई की प्रक्रिया में कुछ देरी हुई है। पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित