बड़ौदरा , अक्टूबर 18 -- राज लिंबानी (चार विकेट), महेश पिठिया और भार्गव भट्ट (दो-दो विकेट) की बेहरीन गेंदबाजी की बदौलत बड़ौदा ने रविवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले में बिहार को पहली पारी में 166 रनों के स्कोर पर समेट दिया। आज यहां बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बिहार की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 63 रनों के स्कोर तक अपने पांच विकेट खो दिये। शरमन निगरोध (आठ), मंगल महरौर (19), पीयुष सिंह (एक), आयुष लोहारुका (18) और कप्तान सकीबुल गनी (शून्य) पर आउट हुये। इसके बाद आकाश राज और विपिन सौरभ ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट लिए 54 रन जोड़े। राज लिंबानी ने आकाश राज (26) रन को आउट कर साझेदारी को तोड़ा। विपिन सौरभ (58) रन बनाकर सातवें विकेट के रूप में आउट हुये। 53वें ओवर की आखिरी गेंद पर महेश पिठिया ने शबीर खान (छह) को आउट कर बिहार की पारी का 166 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित