अमृतसर , अगस्त 04 -- एयर इंडिया ने अमृतसर से ब्रिटेन के लिए सीधी उड़ानों की क्षमता बढ़ाते हुए लंदन गैटविक और बर्मिंघम मार्ग पर 344 सीटों वाले बड़े बोइंग 777-300 ईआर विमान तैनात किये हैं। एयरलाइन के इस कदम का फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव ने स्वागत करते हुए इसे पंजाब और ब्रिटेन के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण क्षमता वृद्धि बताया है।
फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव के वैश्विक संयोजक समीप सिंह गुमटाला ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि पहले इन दोनों मार्गों पर 256 सीटों वाले बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान संचालित किये जाते थे। नये विमान में 305 इकोनॉमी, 35 बिजनेस और चार फर्स्ट क्लास सीटें हैं, जिससे प्रत्येक उड़ान में 88 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी। साथ ही पहली बार अमृतसर से ब्रिटेन की दोनों सीधी उड़ानों में फर्स्ट क्लास सुविधा भी मिलेगी। दोनों उड़ानें पहले की तरह सप्ताह में तीन दिन संचालित होती रहेंगी। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त सीटों से विशेष रूप से व्यस्त यात्रा सीजन के दौरान यात्रियों को राहत मिलेगी, क्योंकि ऐसे समय में सीटों की कमी और किराए में बढ़ोतरी की समस्या रहती है। गुमटाला ने कहा कि यह केवल बड़े विमान के जरिए सीट क्षमता में वृद्धि है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि एयर इंडिया भविष्य में अपने बेड़े के आधुनिकीकरण के तहत अमृतसर मार्गों पर पूरी तरह आधुनिक या अपग्रेड किए गए विमान भी तैनात करेगी, ताकि यात्रियों को बेहतर केबिन, इन-फ्लाइट मनोरंजन और अन्य सुविधाएं मिल सकें।
फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव ने एयर इंडिया से लंदन गैटविक और बर्मिंघम से संचालित अन्य एयरलाइनों के साथ कोडशेयर या इंटरलाइन साझेदारी विकसित करने का भी आग्रह किया। संगठन का कहना है कि इससे अमृतसर से यात्रा करने वाले यात्री एक ही टिकट पर ब्रिटेन, यूरोप और अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक आसानी से आगे की यात्रा कर सकेंगे।
गुमटाला ने कहा कि अमृतसर से सीधी उड़ानों का अधिक उपयोग होने से एयर इंडिया के लिए भविष्य में इन मार्गों पर उड़ानों की संख्या बढ़ाने का व्यावसायिक आधार मजबूत होगा और अन्य एयरलाइनों को भी अमृतसर से नयी अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित