मुंबई , अप्रैल 02 -- लम्बे इंतज़ार की घड़ियाँ खत्म हुईं! आम के शौकीनों के दिलों की धड़कन और फलों का बेताज बादशाह 'हापुस' (अल्फांसो) आखिरकार बिक्री के लिए मुंबई के वाशी बाज़ार में उतर चुका है लेकिन इसकी खुशबू जितनी दिलकश है, इसकी कीमतें फिलहाल उतनी ही 'ऊंची' हैं।

नवी मुंबई के वाशी मार्केट के जानकारों की मानें तो हापुस की पहली बड़ी खेप पहुँच तो गई है लेकिन इसकी 'मांग' इतनी ज़बरदस्त है कि कीमतें नीचे आने का नाम नहीं ले रही हैं। फिलहाल आमों का शहंशाह, हापुस की एक पेटी (जिसमें पांच से नौ दर्जन आम होते हैं) 2,000 रुपये से लेकर 8,000 रुपये में 'ठसक' के साथ बिक रहा है।

यही नहीं रत्नागिरी या देवगढ़ के असली 'प्रीमियम' हापुस के दीवानों को तो अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ सकती है। बाज़ार के गलियारों में चर्चा है कि टॉप क्वालिटी के आम की पेटी 7,000 से 10,000 रुपये तक जा रही है। वहीं रिटेल मार्केट में भी यह 'महाराजा' 2,000 रुपये प्रति दर्जन के भाव पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित