चंडीगढ़ , मई 26 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को सिविल सचिवालय में आयोजित 'प्रगति' समीक्षा बैठक में राज्य की 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा की।

उन्होंने सभी विभागों को कार्य समय पर पूरा करने और गुणवत्ता बनाये रखने के निर्देश दिये।

बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र की परियोजनाओं पर विशेष जोर दिया गया। फरीदाबाद में मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल, सोनीपत में 100 बेड के अस्पताल और असंध, करनाल में नये अस्पताल निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गयी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य अवसंरचना सर्वोच्च मानकों की होनी चाहिए और गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा। इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के तहत फरीदाबाद सेक्टर-78 में बन रहे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर और करनाल में महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण कार्य की भी समीक्षा हुई।

मुख्यमंत्री ने पानीपत शुगर मिल में 90 केपीएलडी क्षमता के इथेनॉल प्लांट स्थापना, जींद में फायर ट्रेनिंग सेंटर निर्माण और आधुनिक आपदा प्रबंधन उपकरणों की खरीद संबंधी परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की।

बैठक में नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जिला स्तर पर जॉब फेयर बढ़ाने और युवाओं को कौशल आधारित रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित