खरगोन , जनवरी 12 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पानी सप्लाई करने वाले कुएं में ई-कोलाई बैक्टीरिया पाए जाने के बाद एहतियातन उस कुएं से जलापूर्ति बंद कर दी गई है। प्रभावित क्षेत्र में वैकल्पिक स्रोतों से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर भव्या मित्तल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इंदौर के भागीरथपुरा की घटना के बाद जिलेभर में सार्वजनिक जलस्रोतों की जांच के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में बड़वाह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के कुएं की बैक्टीरियोलॉजिकल जांच रिपोर्ट में ई-कोलाई बैक्टीरिया की पुष्टि हुई, जिसके बाद तुरंत पानी सप्लाई प्रतिबंधित कर दी गई।

उन्होंने बताया कि उक्त कुएं में क्लोरीनेशन कराए जाने के बाद दोबारा जांच में ई-कोलाई बैक्टीरिया की उपस्थिति नहीं पाई गई है। पूर्व में जिले के सभी सार्वजनिक कुओं को जालियों से ढकने का अभियान चलाया गया था, लेकिन जालियों से कचरा और पक्षियों की बीट गिरने की आशंका बनी रहती थी। इसे देखते हुए अब निर्णय लिया गया है कि जिलेभर में वाटर सप्लाई के आउटलेट खुले रखे जाएंगे, जबकि शेष कुओं को लोहे की शीट से बंद किया जाएगा।

कलेक्टर ने बताया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्र के 450 कुएं, शहरी क्षेत्र के 100 कुएं, निजी बोरवेल और 1800 सार्वजनिक बोरवेल के पानी के सैंपल लेकर जांच की जा रही है। जिले में बड़वाह, खरगोन, भीकनगांव और कसरावद में एनएबीएल अप्रूव्ड लैब उपलब्ध हैं। इसके अलावा जिले के नौ शहरों और नौ जनपदों में भी पानी की नियमित जांच की जा रही है। पानी और सीवर लाइनों की क्रॉसिंग में जहां-जहां क्षति पाई गई है, वहां सुधार कार्य भी किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित