बड़वानी , अप्रैल 23 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल थाना क्षेत्र के मेंद्राना ग्राम में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर से करीब 45 लाख रुपए के सोने के जेवर और नगदी चोरी कर ली।

पुलिस के अनुसार अंबालाल चौधरी के घर में रखी अलमारी को निशाना बनाते हुए चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय अंबालाल चौधरी और उनकी पत्नी घर के बाहर सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर बदमाश घर में घुस गए।

थाना प्रभारी सुनील रघुवंशी ने बताया कि चोर अलमारी में रखे करीब 45 लाख रुपए के सोने के जेवर और 10 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की है। परिवार के अनुसार चोरी में करीब 32 तोला सोना गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित