बड़वानी , मार्च 28 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया थाना क्षेत्र में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बेकाबू ट्रक कंटेनर ने ढाई घंटे के दौरान तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं करते हुए सामने से आ रहे वाहनों को टक्कर मार दी। इन घटनाओं में दो लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुंबई से लखनऊ जा रहा ई-कॉमर्स कंपनी का सामान से लदा कंटेनर सबसे पहले गवाघाटी के पास एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे अगलगांव निवासी 25 वर्षीय चंद्र सिंह सिसोदिया घायल हो गया। इसके बाद कंटेनर ने बाझड फाटे पर एक अन्य दोपहिया वाहन को टक्कर मारी, जिसमें झाबुआ जिले के पेटलावद निवासी 38 वर्षीय मुकेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
कुछ दूरी आगे बढ़ने पर कंटेनर ने एक और दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिसमें 36 वर्षीय अनीता बाई की मृत्यु हो गई, जबकि उनके पति आशीष सेन और पुत्र निखिल घायल हो गए। बताया गया कि परिवार बिजासन माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहा था।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जुलवानिया थाना प्रभारी रामकुमार पाटिल के अनुसार कंटेनर को पहले ही जब्त कर लिया गया था, जबकि चालक उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी चंद्रपाल सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित