बड़वानी , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से "पुलिस खेल उत्सव" और "आपकी बात - पुलिस के साथ" जनसंवाद अभियान की शुरुआत की गई है।

पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला ने बताया कि इन पहलों का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ाना तथा युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों में लगाना है। इसके तहत चयनित गांवों में कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें लगभग 900 युवा भाग लेंगे। थाना स्तर पर पुलिस अधिकारी टीमों का गठन कर उनकी निगरानी करेंगे और आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पुलिस और समाज के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा, जिससे अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

जनसंवाद अभियान "आपकी बात - पुलिस के साथ" के तहत 5 अप्रैल को पाटी थाना क्षेत्र के सागबरा (चेरवी) गांव में ग्राम/नगर रक्षा समिति सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का विषय "आध्यात्मिक और सामाजिक पुनरुत्थान" रखा गया है, जिसमें प्रेरक वक्ता डॉ. प्रभु नारायण मिश्रा लोगों को सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित करेंगे।

इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ऐसे प्रयास पुलिस और नागरिकों के बीच सीधे संवाद को मजबूत करेंगे तथा जनभागीदारी के माध्यम से कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायक होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित