बड़वानी , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की कलेक्टर जयति सिंह का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। अज्ञात हैकर्स द्वारा उनके नाम और फोटो का दुरुपयोग कर लोगों से पैसों की मांग की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों को कलेक्टर के नाम से संदेश भेजे गए, जिनमें तत्काल पैसों की आवश्यकता बताकर मदद मांगी गई। इन संदेशों के माध्यम से लोगों को ठगने का प्रयास किया गया।

मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने संबंधित नंबर को ब्लॉक कराने की कार्रवाई की और साइबर सेल को सूचना दी गई। कलेक्टर के आधिकारिक माध्यम से स्पष्ट किया गया है कि उनके नाम से भेजे जा रहे ऐसे सभी संदेश फर्जी हैं।

पुलिस अधीक्षक पदम् विलोचन शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच के लिए साइबर टीम को सक्रिय कर दिया गया है और संदिग्ध नंबरों की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदेश या कॉल पर विश्वास न करें और किसी को भी पैसे ट्रांसफर न करें। साथ ही, इस प्रकार के मामलों की तुरंत सूचना पुलिस या साइबर सेल को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित