श्रीनगर , सितंबर 30 -- सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में यूसमर्ग के ऊपरी इलाके में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के एक शीर्ष पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया।
अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृत आतंकवादी की पहचान मूसा उर्फ आसिफ फौजी के रूप में हुई है। मूसा कथित तौर पर इस महीने की शुरुआत में बडगाम में हुई एक मुठभेड़ के दौरान भाग निकला था। इसके बाद व्यापक तलाशी अभियान के बाद सुरक्षा बलों ने मध्य कश्मीर के पहाड़ी जंगलों में उसकी गतिविधियों का पता लगाया।
सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने आज संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद बडगाम के जंगल में मुठभेड़ शुरू हो गयी।
श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधियां देखीं और चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें एक आतंकवादी को मार गिराया गया। अभियान जारी है।"गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मूसा के मारे जाने के साथ ही लश्कर-ए-तैयबा के चार वरिष्ठ कमांडरों का समूह समाप्त हो गया है। ये सभी 2022 से जम्मू-कश्मीर में सक्रिय थे और कई बड़े हमलों के लिए जिम्मेदार थे। समूह के तीन अन्य शीर्ष सदस्यों को भी सुरक्षा बलों ने अलग-अलग मुठभेड़ों में मार गिराया था। समूह के एकमात्र स्थानीय कमांडर जुनैद भट को तीन दिसंबर 2024 को श्रीनगर के दाचीगाम में हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया था। पहलगाम हमले के मुख्य साजिशकर्ता सुलेमान शाह को 28 जुलाई 2025 को श्रीनगर में ऑपरेशन महादेव के दौरान मार गिराया गया था। यासिर को गत चार सितंबर को बडगाम जिले में 'ऑपरेशन असधर' के दौरान मार गिराया गया था।
लश्कर-ए-तैयबा के इन चारों शीर्ष आतंकवादियों का पिछले तीन वर्षों के दौरान कई बड़े हमलों से संबंध रहा था। इनमें मई 2023 में राजौरी में हुआ कांडी हमला शामिल है, जिसमें सेना के पांच जवान मारे गये थे। इसके अलावा दिसंबर 2023 में राजौरी-पुंछ सेक्टर के डेरा की गली (डीकेजी) में घात लगाकर किया गया हमला भी शामिल था, जिसमें आतंकवादियों ने सेना के दो वाहनों को निशाना बनाया था। इस हमले में कई सैनिक मारे गये और कई अन्य घायल हुए थे।
मई 2024 में आतंकवादियों ने शाहीसितार इलाके में डोबा रिज के पास सेना के एक वाहन पर घात लगाकर हमला किया था। इसके बाद जून 2024 में रियासी में शिव खोरी से लौट रहे तीर्थयात्रियों से भरी बस पर हमला किया गया, जिससे बस गहरी खाई में गिर गयी और कम से कम नौ लोगों की मौत हो गयी। इस समूह का अक्टूबर 2024 में गांदरबल में हुए गगनगीर हमले से भी संबंध था, जिसमें एक स्थानीय डॉक्टर सहित सात लोग मारे गये थे। इसी महीने बाद में गुलमर्ग के पास बुटापथरी में हुए हमले में दो सैनिकों और दो नागरिक पोर्टरों की मौत हुई थी। हमलों का यह सिलसिला 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन में हुए हमले तक पहुंचा, जहां आतंकवादियों ने पर्यटकों पर गोलीबारी की थी। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।
गृह मंत्रालय ने कहा कि मूसा को बडगाम जिले के खानसाहिब इलाके में गुरवतकलां में सुरक्षा बलों द्वारा चलाये गये खुफिया जानकारी पर आधारित संयुक्त अभियान में मार गिराया गया।
मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा बल लंबे समय से मूसा पर नजर रख रहे थे और इलाके में उसकी गतिविधियों तथा मौजूदगी के संबंध में तकनीकी और मानव खुफिया जानकारी मिलने के बाद हाल ही में उसे मार गिराने के लिए एक विशेष और समन्वित योजना तैयार की गयी थी।
गृह मंत्रालय ने कहा, "मूसा को मार गिराने के लिए चलाया गया अभियान लंबे समय से जारी व्यापक अभियान का हिस्सा था। पिछले कुछ वर्षों से जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) सहित सभी सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ आतंकवाद रोधी अभियान चला रही हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आये हैं।"अधिकारियों ने मूसा के मारे जाने को जम्मू-कश्मीर में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा के नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका बताया।
सेना ने कहा कि मौके से युद्ध जैसे सामान भी बरामद किए गए हैं। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि मूसा चार सितंबर को बडगाम के ऊंचाई वाले असधर गली इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान भाग निकलने में सफल रहा था। इस मुठभेड़ में उसका सहयोगी और लश्कर-ए-तैयबा का एक अन्य पाकिस्तानी आतंकवादी यासिर मारा गया था।
अधिकारियों के अनुसार, यासिर और मूसा पुंछ क्षेत्र से कश्मीर की ओर आ रहे थे, तभी सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई, जिसमें यासिर मारा गया, जबकि मूसा भागने में सफल रहा। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि यासिर और मूसा पिछले कुछ वर्षों से मध्य कश्मीर और पीर पंजाल क्षेत्र के घने जंगलों में मिलकर सक्रिय थे।
चार सितंबर की मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने बचे हुए आतंकवादी की गतिविधियों का पता लगाने के लिए पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके में एक अन्य आतंकवादी की मौजूदगी की तकनीकी जानकारी मिलने के बाद बाद में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेना के विशेष बलों के जवानों सहित अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित