श्रीनगर , सितंबर 11 -- जम्मू-कश्मीर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को बडगाम जिले में एक पटवारी को राजस्व रिकॉर्ड का विवरण 'फर्द' जारी करने के बदले शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

आरोपी की पहचान बशीर अहमद डार के तौर पर हुई है, जो तहसील खानसाहब के वाटरहेल इलाके में हलका गुंड अली नायक का पटवारी है।

एसीबी सूत्रों के अनुसार एक लिखित शिकायत मिली थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि पटवारी ने 'फर्द' जारी करने के लिए शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने अपने दादा की ओर से 21 जुलाई, 2026 को राजस्व दस्तावेज के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद आवेदन की स्थिति जानने के लिए पटवारी से संपर्क किया।

आरोप है कि आरोपी ने राजस्व विभाग के ऑनलाइन पोर्टल में तकनीकी दिक्कतों का हवाला दिया और बाद में अलग-अलग बहाने बनाकर मामले में देरी करता रहा। सूत्रों ने बताया कि पटवारी ने शुरू में 12,000 रुपये की मांग की थी, जिस पर बातचीत के बाद मामला 10,000 रुपये पर तय हुआ।

उन्होंने बताया कि जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद ब्यूरो ने एसीबी पुलिस स्टेशन श्रीनगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू की। एक ट्रैप टीम बनाई गई, जिसके बाद आरोपी को शिकायतकर्ता से दस हजार रुपये की रिश्वत मांगते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित