बठिंडा , मई 12 -- भारतीय सेना के सप्त शक्ति कमांड ने बठिंडा मिलिट्री स्टेशन स्थित सागत सिंह ऑडिटोरियम में 11 और 12 मई को दो दिवसीय "ऑगमेंटेड वेलनेस" सेमिनार आयोजित किया। सेमिनार में अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों सहित 2,500 से अधिक लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समग्र स्वास्थ्य, मानसिक मजबूती और ऑपरेशनल तैयारी को बढ़ावा देना रहा। सेमिनार में 11 विशिष्ट वक्ताओं ने अपने अनुभव साझा किये। लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने 'प्रिज्म ऑफ मिलिट्री लाइफ' विषय पर संबोधित किया। लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोटवाल ने 'द पैराडॉक्स ऑफ फिट सोल्जर', लेफ्टिनेंट जनरल डी पी पांडेय ने 'फॉस्टरिंग ऑर्गेनाइजेशन क्लाइमेट' तथा कर्नल गोपाल करुणाकरण ने 'फोर्ज्ड बाय द यूनिफॉर्म' विषय पर विचार रखे।

विशेषज्ञ वक्ताओं में रचना रणाडे ने सैनिकों के लिए वित्तीय प्रबंधन, डॉ सीमा राव ने मजबूत योद्धा निर्माणतथा रयान फर्नांडो ने फिटनेस और पोषण पर मार्गदर्शन दिया। सेना अधिकारियों ने कहा कि यह पहल जवानों और उनके परिवारों में स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और मनोबल बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे सेना की एकजुटता, कार्यक्षमता और राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित