बठिंडा , जून 13 -- पंजाब को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने के अभियान के तहत राज्य पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बठिंडा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो देसी .32 बोर पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किये गये हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह उर्फ चीमा निवासी गांव अकालिया कलां, जिला बठिंडा और अभिमान सिंह उर्फ अभि निवासी गांव खुंडेहलाल, श्री मुक्तसर साहिब के रूप में हुई है।
श्री यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी फिरोजपुर क्षेत्र में सक्रिय एक जेल में बंद गैंगस्टर द्वारा संचालित आपराधिक नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी कुलदीप सिंह उर्फ चीमा का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह हत्या के प्रयास तथा शस्त्र अधिनियम से संबंधित कई मामलों में नामजद है।उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सहयोगियों की पहचान करने के लिए आगे और पीछे के संबंधों की जांच कर रही है। एजीटीएफ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद बान ने बताया कि एजीटीएफ बठिंडा की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान कैंटोनमेंट बाईपास रिंग रोड स्थित एक स्लिप रोड के किनारे झाड़ियों में दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपी घबरा गए और छिपने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध देसी पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद हुए।
इस संबंध में थाना सिविल लाइंस, बठिंडा में शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित