बटाला , अगस्त 08 -- पंजाब पुलिस ने बटाला ग्रेनेड हमला मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकवादी मॉड्यूल से जुड़े तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) जालंधर ने बटाला पुलिस के साथ संयुक्त खुफिया अभियान के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान बटाला के मुर्गी मोहल्ला निवासी करनजीत सिंह उर्फ बच्चा के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई बटाला के अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी पर एक अगस्त 2026 को हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पहले की गई गिरफ्तारियों के बाद हुई है। इससे पहले पुलिस ने मामले में राजन उर्फ गुल्लू और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया था।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करनजीत सिंह उर्फ बच्चा कथित तौर पर आईएसआई समर्थित एक आतंकवादी मॉड्यूल का ऑपरेटिव है। पुलिस का आरोप है कि इस मॉड्यूल को पुर्तगाल स्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक कथित मास्टरमाइंड द्वारा संचालित किया जा रहा था।
श्री यादव के अनुसार, घटना के बाद आरोपी फरार होकर छिप गया था और कथित तौर पर पंजाब में पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर इसी तरह के और हमलों की योजना बना रहा था। तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है। जांच का उद्देश्य पूरे आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करना, विदेशों में बैठे हैंडलरों तथा स्थानीय मददगारों की पहचान करना और साजिश से जुड़े सभी फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स का पता लगाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित