चंडीगढ़ , अगस्त 20 -- पंजाब पुलिस ने गुरुवार को बटाला और शहीद भगत सिंह नगर (एसबीएस नगर) में दो अलग-अलग आपराधिक घटनाओं में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ये गिरफ्तारियां एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने बटाला और एसबीएस नगर पुलिस जिलों के साथ संयुक्त रूप से चलाये गये खुफिया-आधारित अभियानों के दौरान कीं।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बटाला के गांव कादियां राजपूताना में हुई फायरिंग की घटना तथा एसबीएस नगर में पुलिस दल पर किये गये हमले में कथित रूप से शामिल थे।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विदेश में सक्रिय संगठित आपराधिक नेटवर्क के नोड्स से संबंध सामने आये हैं। उन्होंने बताया कि इन नेटवर्कों के आगे और पीछे के पूरे संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। साथ ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किये जा रहे हैं।

पंजाब पुलिस ने कहा कि वह संगठित आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने और राज्य में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित