कानपुर , अप्रैल 19 -- बजरंग दल के पूर्व प्रांत मिलन केंद्र एवं विभाग संयोजक, स्थापना काल के समर्पित कार्यकर्ता तथा भारतीय जनता पार्टी के पूर्व पार्षद स्वर्गीय दीपक शर्मा के आकस्मिक निधन पर रविवार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
स्वर्गीय दीपक शर्मा का निधन आठ अप्रैल को हुआ था। इस अवसर पर पनकी मंदिर के महंत जितेंद्रदास जी महाराज, उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विहिप प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना तथा बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक प्रकाश शर्मा ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि सीमित साधनों के बावजूद यदि व्यक्ति में राष्ट्र, धर्म और समाज के प्रति समर्पण हो, तो वह असंभव को भी संभव कर सकता है और स्वर्गीय दीपक शर्मा इसका जीवंत उदाहरण थे।
उन्होंने कहा कि दीपक शर्मा ने अपने जीवन से एक सच्चे कार्यकर्ता की नई परिभाषा प्रस्तुत की और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्रद्धांजलि सभा में विहिप प्रांत कार्याध्यक्ष डॉ. उमेश पालीवाल, पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी, कानपुर महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक अमिताभ बाजपेई, नीरज चतुर्वेदी, रवींद्र पाटनी, विकास जायसवाल, अर्चना तिवारी, योजना बाजपेई, मंजू त्रिपाठी, राजेश त्रिपाठी, मानू अवस्थी, आशीष गुप्ता, अमरनाथ, नरेश तोमर, कालीचरण सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने स्वर्गीय दीपक शर्मा के सामाजिक, धार्मिक और संगठनात्मक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन सेवा, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का अद्वितीय उदाहरण था। उनका निधन समाज और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है।
सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित