बारां , फरवरी 15 -- राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा है कि राज्य सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट से राज्य के विकास को नयी गति मिलेगी।
श्री नागर ने रविवार को बारां में पत्रकारों से कहा कि वर्तमान सरकार ने दो वर्ष की अल्प अवधि में ही 22 जिलों में दिन के समय किसानों को बिजली देना प्रारंभ कर दिया है। वहीं 17 जिलों की चार लाख हैक्टेयर भूमि में पानी पहुंचाया जा रहा है। परवन परियोजना के अवरोधों को दूर कर शीघ्र ही किसानों तक पानी पहुंचाया जाएगा।
श्री नागर ने कहा कि बजट में बारां जिले को कई सौगातें मिली हैं। इससें जिलेे के विकास को नए आयाम मिलेंगे। बजट में गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं सहित आमजन को भरपूर लाभ देने का मार्ग प्रशस्त किया गया है। सहरिया और खैरवा जातियों को जहां डीबीटी के जरिए से करोड़ों का लाभ मिलेगा। वहीं परवन वृहद सिंचाई परियोजना के कार्यादेश जारी होने से लाखों लोगों की प्यास बुझेगी।
उन्होंने कहा कि लोक हितकारी इस बजट में पेयजल, सिंचाई, बिजली, सड़क, पुलिया, आरओबी, सौन्दर्यीकरण सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं और विकास पर खासा ध्यान दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित