उदयपुर , मार्च 19 -- राजस्थान के उपनिवेशन विभाग मंत्री हेमंत मीणा ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह गंभीर है।

श्री मीणा ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि पिछले दो वर्षों में की गई अधिकतर बजट घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि हाल ही में प्रस्तुत बजट की घोषणाओं को भी शीघ्र ही क्रियान्वित किया जाएगा। राज्य सरकार का फोकस केवल घोषणाएं करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करके आमजन को उसका लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उदयपुर जिले में विकास कार्यों को नयी गति दी जाएगी।

श्री मीणा ने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट में उदयपुर जिले के लिए कई महत्वपूर्ण और दूरगामी घोषणाएं की गई हैं। इसमें उदयपुर में आधारभूत ढांचे की मजबूती, पर्यटन विकास, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और औद्योगिक विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

उन्होंने कहा कि गोगुंदा क्षेत्र में बनास और साबरमती नदी पर सुगम आवागमन के लिए विभिन्न पुलियाओं का निर्माण 10 करोड़ की लागत से किया जाएगा। ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में खेरवाड़ा में कानबई भोमटावर से झांझरी (गुजरात सीमा) तक 10 किमी सड़क के लिए 10 करोड़ और वल्लभनगर के डबोक में राष्ट्रीय राजमार्ग -48 से टांक तक सड़क के लिए आठ करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित