पंचकूला , जुलाई 27 -- हरियाणा सरकार ने सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता और जवाबदेही बढ़ाने के संकेत देते हुए सोमवार को पंचकूला के सेक्टर-26 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने स्कूल की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और खेल मैदान का निरीक्षण कर शिक्षकों को पढ़ाई के स्तर में सुधार, स्वच्छता बनाये रखने और विद्यार्थियों की खेलों में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने स्कूल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, लेकिन परिसर में स्वच्छता को और बेहतर बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी स्कूलों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, लेकिन शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे पारंपरिक शिक्षण पद्धति से आगे बढ़कर विद्यार्थियों में सीखने की जिज्ञासा विकसित करें और आधुनिक एवं रुचिकर तरीकों से पढ़ाई करायें। उन्होंने कहा कि केवल पाठ्यक्रम पूरा करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का समग्र विकास सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
श्री ढांडा ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने स्कूल प्रशासन को निर्देश दिये कि प्रत्येक छात्र को खेल गतिविधियों से जोड़ा जाये ताकि शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि मॉडल संस्कृति विद्यालयों की स्थापना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों के समकक्ष लाना है। इसके लिए सरकार आधारभूत ढांचे के विकास और शिक्षकों के क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित