ग्वालियर , मई 29 -- बच्चों में बढ़ते कैंसर के मामलों और समय पर उपचार की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर स्थित कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में 30 मई को राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला एवं सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह एक दिवसीय कार्यक्रम नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज और ग्वालियर एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।

कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के न्यासी एवं प्रबंध संचालक डॉ. बी.आर. श्रीवास्तव ने बताया कि इंडियन कैंसर सोसायटी के अनुसार भारत में प्रतिवर्ष 50 हजार से 75 हजार बच्चों में कैंसर के नए मामले सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि देर से निदान और पर्याप्त पंजीयन नहीं होने के कारण वास्तविक आंकड़े इससे अधिक हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी देशों में बच्चों के कैंसर की उपचार सफलता दर 70 से 80 प्रतिशत तक है, जबकि भारत में यह 50 प्रतिशत से कम है। इसके पीछे समय पर पहचान और उपचार नहीं मिल पाना प्रमुख कारण है।

कार्यक्रम में दिल्ली, गुरुग्राम, इंदौर, आगरा, अहमदाबाद और जबलपुर सहित देशभर से 15 से अधिक विशेषज्ञ शामिल होंगे। इनमें डॉ. गौरव खार्या, डॉ. मानस कालरा, डॉ. दीपक गुप्ता, डॉ. अक्षय लाहोटी और डॉ. स्वाति शाह प्रमुख हैं।

ग्वालियर से डॉ. आदित्य श्रीवास्तव, डॉ. अंजु वर्मा, डॉ. अशोक बंगा और डॉ. पंकज गांदोत्रा सहित अनेक विशेषज्ञ भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। अब तक 100 से अधिक पंजीयन हो चुके हैं। सीएमई में रेटिनोब्लास्टोमा, ब्लड कैंसर, ब्रेन ट्यूमर और बोन ट्यूमर जैसे बच्चों में होने वाले प्रमुख कैंसर विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही आठ ओरल पेपर और 15 पोस्टर प्रेजेंटेशन आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी रखी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित