पटना , जनवरी 20 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता हिमराज राम और परिमल कुमार ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट रूप से बच्चों के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में केंद्रित है।

जदयू प्रवक्ता श्री राम और श्री कुमार बयान जारी कर कहा कि राज्य के लगभग 1.86 करोड़ आंगनबाड़ी बच्चों को लाभान्वित करने की योजना लागू की जा रही है, जिसके तहत प्रत्येक बच्चे को चार-चार सेट पोशाक उपलब्ध कराई जाएंगी।

जदयू नेताओं ने कहा कि यह निर्णय न केवल बच्चों की गरिमा और सुविधा को बढ़ाएगा, बल्कि उनके नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ाव को भी मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि समान और स्वच्छ पोशाक बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक समानता की भावना को भी प्रोत्साहित करेगी। सरकार का यह कदम दर्शाता है कि वह शिक्षा और पोषण के साथ-साथ बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं को लेकर भी पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।

जदयू प्रवक्ताओं ने कहा कि यह योजना बाल कल्याण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में इसका सकारात्मक प्रभाव समाज के हर वर्ग पर दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार की सरकार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर ऐसे निर्णय लेती रहेगी, जो सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की भावना को मजबूत करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित