बेतिया , अक्टूबर 4 -- पश्चिम चंपारण जिले के विभिन्न थानों में बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है।

इसके माध्यम से बच्चे बिना किसी डर या झिझक के अपनी समस्याएं बता सकेंगे और उन्हें आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुमार गौतम ने बताया कि अपराध, उत्पीड़न, शोषण, दुर्व्यवहार अथवा अन्य किसी समस्या से जूझ रहे बच्चों की शिकायत संवेदनशीलता के साथ सुनी जाएगी। उनकी स्थिति के अनुरूप आवश्यक सहायता की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।

नगर थाने में बाल संरक्षण पदाधिकारी के रूप में खुशबू कुमारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जरूरतमंद बच्चे मोबाइल नंबर 6202857376 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा थाना कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या बता सकते हैं। उनकी शिकायतों के समाधान के साथ गोपनीयता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित