भोपाल , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने भगवान श्रीराम मंदिर, प्रधानमंत्री मोदी और विकसित भारत के संकल्प पर आधारित विशाल रंगोलियों का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, नवाचार और आत्मनिर्भरता के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। मध्यप्रदेश भी तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने रंगोलियों के माध्यम से विकसित भारत-2047 की परिकल्पना, राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की है। युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम में भारत के नक्शे के रूप में मानव रंगोली बनाई गई। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने रंगोली में शामिल बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया और रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े। इस दौरान स्टेडियम भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, कृष्णा गौर, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, संभाग प्रभारी अभय यादव, तीर्थ स्थान मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया, सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय तथा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति सहित पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित