नरसिंहपुर , अक्टूबर 11 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बच्चे और युवा देश-प्रदेश के सुनहरे भविष्य के सितारे हैं। उनकी शिक्षा, प्रतिभा और तरक्की में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। राज्य सरकार आधुनिक शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं को रोजगार और विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री रविवार को नरसिंहपुर में 42.52 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि विद्यालय भवन का लोकार्पण करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यालय की 15 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर बस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश के 35.56 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा हितग्राहियों के खातों में 213.41 करोड़ रुपये की पेंशन राशि और शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत 8.19 लाख विद्यार्थियों की फीस प्रतिपूर्ति के लिए 502 करोड़ रुपये अंतरित किए गए।

डॉ. यादव ने नरसिंहपुर में लगभग 175.14 करोड़ रुपये की लागत के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना के तहत 10 हितग्राहियों को नि:शुल्क रजिस्ट्री की प्रतियां भी प्रदान कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय प्राचीन गुरुकुल परंपरा का आधुनिक स्वरूप हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ पुस्तकें, गणवेश, साइकिल और परिवहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा विद्यालय के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्कूटी दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने नरसिंहपुर से पिपरिया मार्ग के उन्नयन के लिए 540 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने नगर वन विकसित करने, खैरीनाका से रेलवे स्टेशन तक पक्की सड़क बनाने और गीता भवन निर्माण की भी घोषणा की। बरमान घाट पर रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा। जिले के विकासखंडों में पशुपालकों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश: एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार और चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित किया गया है और अगले वर्ष लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं दो बार आयोजित की जाएंगी। उन्होंने जल्द ही एक लाख से अधिक नए पदों पर भर्ती करने तथा अगले वर्ष 12 नए मेडिकल कॉलेज खोलने की बात कही। उनके अनुसार, प्रदेश में 85 हजार नई नियुक्तियां की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, गरीबों और युवाओं के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई और औद्योगिक विकास के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि नरसिंहपुर जिले के 50 गांवों में जल जीवन मिशन के तहत 23.17 करोड़ रुपये की लागत से नल से जल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क नेटवर्क और हवाई संपर्क का विस्तार किया जा रहा है तथा किसानों को गेहूं खरीदी के लिए इस वर्ष 2,625 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान किया गया है।

समारोह में स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश में 375 सांदीपनि विद्यालय तैयार हो चुके हैं। सांसद दर्शन सिंह चौधरी और फग्गन सिंह कुलस्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शिक्षा एवं विकास कार्यों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने विद्यालय भवन का निरीक्षण कर कक्षाओं, पुस्तकालय, संगीत कक्ष और प्रयोगशालाओं की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर एवं पोषण प्रदर्शनी में भाग लिया तथा वृद्धजनों का सम्मान कर जरूरतमंद विद्यार्थियों को सामग्री वितरित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित