भिण्ड , सितंबर 03 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार क्षेत्र में अमायन-लहार मार्ग पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने बाइक सवार दंपति को हथियारों के बल पर रोककर महिला के जेवर लूट लिए। लूटे गए जेवरों की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार रहावली उवारी निवासी महेंद्र जाटव (28) बुधवार शाम पत्नी रेशमा और दो बच्चों के साथ बाइक से जा रहे थे। अमायन-लहार मार्ग पर इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम से करीब 100 मीटर आगे बिना नंबर की काली बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया।

बदमाशों ने महेंद्र से कहा कि उसका बच्चा बाइक से गिर रहा है। इस पर महेंद्र ने बाइक रोक दी। इसी दौरान पीछे बैठे दो बदमाश नीचे उतरे और कट्टे निकाल लिए। एक बदमाश ने महेंद्र का कंधा पकड़कर उस पर कट्टा तान दिया, जबकि दूसरे ने रेशमा के गले से मंगलसूत्र खींच लिया और उसके दाहिने कान का बुंदा भी झपट लिया।

वारदात के बाद तीनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। महेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने देर रात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने गुरुवार को घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा बदमाशों के आने और वारदात के बाद भागने वाले रास्तों की जानकारी जुटाई। बिना नंबर की बाइक और तीनों नकाबपोशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित