दंतेवाड़ा , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बचेली नगर में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) द्वारा मुख्य मार्गों पर कराए जा रहे गेट निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों का विरोध तेज हो गया है।
इस मामले में शनिवार को क्षेत्रीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक चैतराम अट्टामी ने एनएमडीसी अधिकारियों के समक्ष कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य तत्काल रोकने और स्थानीय लोगों की सहमति के बाद ही आगे की कार्रवाई करने को कहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएमडीसी प्रबंधन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बचेली नगर के प्रमुख मार्गों पर गेट का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि गेट बनने से बाजार, स्कूल, अस्पताल और रेलवे स्टेशन तक आवागमन प्रभावित हो सकता है। इसके अतिरिक्त आवाजाही के दौरान आधार कार्ड दिखाने की कथित अनिवार्यता को लेकर भी लोगों ने आपत्ति जताई है।
स्थानीय नागरिकों की शिकायत के बाद विधायक चैतराम अट्टामी एनएमडीसी के बचेली कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों से निर्माण कार्य के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना निर्माण कराए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधाओं को प्रभावित करने वाला कोई भी निर्णय एकतरफा नहीं लिया जाना चाहिए।
विधायक अट्टामी ने एनएमडीसी प्रबंधन और जिला कलेक्टर से चर्चा कर निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले नगरपालिका से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने के साथ स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की सहमति सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा कारणों से गेट निर्माण आवश्यक है, तो एनएमडीसी प्रबंधन को नगरपालिका, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की जनता के हितों की अनदेखी कर निर्माण कार्य आगे बढ़ाने का विरोध किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित