बक्सर , अप्रैल 26 -- बिहार में बक्सर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर नहर के ऊपर बने रेलवे पुल को पुनः स्थापित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे रेल परिचालन सुरक्षित और निर्बाध बना रहे। रेल यातायात निरीक्षक विंध्याचल पाण्डेय ने रविवार को बताया कि पुल की स्थिति को देखते हुए तेज रफ्तार ट्रेनों को सावधानीपूर्वक धीमी गति से गुजारा जा रहा था। सुरक्षा के मद्देनज़र इस पुनर्निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी गई है।

श्री पाण्डेय ने बताया कि नेउरा स्टेशन पर सिग्नल संबंधित कार्यों के कारण लगे मेगा ब्लॉक का लाभ उठाते हुए बक्सर-चौसा रेलखंड पर व्यापक स्तर पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए आधुनिक मशीनों, क्रेन और अन्य उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे न्यूनतम समय में काम पूरा कर रेल सेवाओं को सुचारू रूप से बहाल किया जा सके।

इस मौके पर बक्सर स्टेशन प्रबंधक रजत सक्सेना सहित रेलवे के कई अधिकारी और तकनीकी शाखा के अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित