बक्सर , जून 18 -- बिहार में बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सरसती गांव में गुरुवार को ठोरा नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि चार किशोर ठोरा नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान वे मोबाइल फोन से वीडियो बना रहे थे। इसी क्रम में तीन किशोर नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद चौथा साथी कल्याण शर्मा नदी किनारे खड़ा होकर वीडियो बना रहा था। उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए वह अपने दोस्तों को बचाने में असमर्थ रहा।

घटना के बाद कल्याण ने गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने खोज अभियान चलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों किशोरों को नदी से बाहर निकाला गया और बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान शमर कुमार शर्मा (13), कृष्णा कुमार राम (15) और धर्मवीर कुमार (14) के रूप में हुई है। तीनों सरसती गांव के निवासी थे और विभिन्न विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे थे।

इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित