सहारनपुर , अक्टूबर 05 -- सहारनपुर में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को जिले की सभी चीनी मिलों के यूनिट हेड/अध्यासियों के साथ बैठक हुई, जिसमें बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान और आगामी पेराई सत्र 2026-27 में चीनी मिलों के समय से संचालन के लिए मिल रिपेयर एवं मेंटीनेंस कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिला गन्ना अधिकारी शैलेश कुमार मौर्य ने बताया कि जिले में बजाज ग्रुप की गांगनौली चीनी मिल पर पेराई सत्र 2025-26 का 88.51 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया है। इस पर जिलाधिकारी ने गांगनौली चीनी मिल के यूनिट हेड आर.बी. खोखर को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि नए पेराई सत्र के शुरू होने से पहले वर्ष 2025-26 का समस्त बकाया गन्ना मूल्य किसानों को भुगतान किया जाए। उन्होंने दो दिन के भीतर भुगतान की कार्ययोजना जिला गन्ना अधिकारी के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं होने की स्थिति में बजाज चीनी मिल का गन्ना अन्य चीनी मिलों को व्यावर्तित कराया जाएगा। बैठक में आगामी पेराई सत्र 2026-27 में जिले की सभी चीनी मिलों का समय से संचालन सुनिश्चित करने के लिए मरम्मत एवं मेंटीनेंस कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। चीनी मिल प्रतिनिधियों ने बताया कि देवबंद में 82 प्रतिशत, गांगनौली में 89.75 प्रतिशत, शेरमऊ में 79.75 प्रतिशत, गागलहेड़ी में 51.25 प्रतिशत, बिडवी में 80.25 प्रतिशत, नानौता में 75.25 प्रतिशत और सरसावा में 79.75 प्रतिशत मरम्मत कार्य पूरा हो चुका है।

दया शुगर मिल गागलहेड़ी के यूनिट हेड को मरम्मत एवं मेंटीनेंस कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अपेक्षित तेजी लाते हुए नवंबर 2026 के प्रथम सप्ताह तक चीनी मिल का संचालन अनिवार्य रूप से शुरू करने तथा मरम्मत कार्य पूरा करने की कार्ययोजना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में चीनी मिल नानौता के प्रधान प्रबंधक अंकित कुमार, सरसावा की प्रबंधक मनी अरोड़ा, देवबंद चीनी मिल के वीपी पुष्कर मिश्रा, शेरमऊ चीनी मिल के वीपी सुखविंदर जीत सिंह, गांगनौली के यूनिट हेड आर.बी. खोखर, बिडवी के यूनिट हेड अवनी जगमेर सिंह, दया शुगर गागलहेड़ी के यूनिट हेड धनराज सिंह तथा किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित