जालौन , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बकरी को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही रोडवेज बस ट्रक में जा भिड़ी। हादसे में बस चालक और परिचालक समेत करीब सात-आठ यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

थाना प्रभारी अभिलाख मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को एक ट्रक उरई से कानपुर की ओर जा रहा था। आटा थाना क्षेत्र के पास अचानक ट्रक के सामने बकरी आ गई। उसे बचाने के लिए ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस का चालक बस को नियंत्रित नहीं कर सका और बस ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस चालक, परिचालक समेत करीब सात-आठ यात्री घायल हुए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को मेडिकल कॉलेज उरई भेजा।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करा दिया है। ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है।

बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार मौके पर स्थिति सामान्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित