बैतूल , मई 22 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र स्थित ग्राम कोहपानी में गुरुवार को बकरी के बच्चे को बचाने के प्रयास में एक किशोरी की कुएं में डूबने से मृत्यु हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतिका की पहचान प्रिया डॉबारे (16) पिता नानू डॉबारे निवासी ग्राम कोहपानी के रूप में हुई है। घटना गुरुवार दोपहर लगभग सवा तीन बजे की बताई गई है।

जानकारी के अनुसार प्रिया खेत में बकरियां चरा रही थी। इसी दौरान एक बकरी का बच्चा खेत में बने कुएं में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में प्रिया कुएं के पास पहुंची, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह स्वयं कुएं में गिर गई। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों और परिजनों ने काफी प्रयास के बाद किशोरी को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मुलताई अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में घटना को दुर्घटना माना जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कई खेतों के कुएं खुले हुए हैं और उनके आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से खुले कुओं के चारों ओर सुरक्षा दीवार या जाली लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित