फर्रुखाबाद , मई 28 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) की नमाज गुरुवार को शांतिपूर्ण वातावरण में अदा की गई। जिले की 58 ईदगाहों और 172 मस्जिदों में हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। फर्रुखाबाद शहर के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र स्थित नई ईदगाह में सुबह 7:30 बजे मुफ्ती हाजी सैय्यद मोहज्जम अली ने नमाज अदा कराई। वहीं पास स्थित पुरानी ईदगाह में सुबह 8:00 बजे मौलाना शमशाद चतुर्वेदी ने नमाज की इमामत की। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में नमाजी मौजूद रहे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों की सभी ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह 7:30 बजे से 9:00 बजे के बीच नमाज अदा की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी के निर्देशन में सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे, जिसके चलते बकरीद का त्योहार जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित