लखीसराय , मई 27 -- आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर लखीसराय जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार के संयुक्त निर्देशन में बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।यह मार्च जिला मुख्यालय से शुरू होकर शहीद द्वार, चितरंजन रोड, प्रभात चौक, बड़ी दरगाह, छोटी दरगाह होते हुए विद्यापीठ चौक तक निकाला गया।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना था, जिससे पर्व के दौरान जिले में शांति एवं भाईचारा कायम रहे। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की। साथ ही अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने को कहा गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि पर्व को लेकर संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा। डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
फ्लैग मार्च में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित