हैदराबाद , मई 13 -- तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सी.वी. आनंद ने बुधवार को कहा कि आगामी बकरीद के त्योहार के दौरान राज्य में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य भर के पुलिस आयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशुओं के अवैध परिवहन और तस्करी को सख्ती से रोका जाए। उन्होंने गोवध अधिनियम, पशु परिवहन नियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के प्रावधानों को कड़ाई से लागू करने पर जोर दिया।
श्री आनंद ने बताया कि अवैध पशु परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए छत्तीसगढ़, कर्नाटक, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश की सीमाओं पर 52 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट के अलावा राज्य भर में 203 चेक पोस्ट बनाए गए हैं।
महानिदेशक ने चेतावनी दी कि कोई भी समूह कानून को अपने हाथ में न ले। उन्होंने कुरैशी संघों और गौरक्षक समूहों, दोनों को सड़क जाम करने या टकराव वाली गतिविधियों में शामिल होने के खिलाफ आगाह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर उपद्रवियों की सूची भी खोली जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित