देहरादून , मई 27 -- उत्तराखंड के गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजीव स्वरूप ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर सभी जिला प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में बुधवार को स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

श्री स्वरूप ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन सुनिश्चित कराएं। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या माहौल बिगाड़ने वाली गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस का 'सोशल मीडिया सेल' सक्रिय रूप से काम करे।

उन्होंने कहा कि भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले अवांछित तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई भी व्यक्ति या असामाजिक तत्व क्षेत्र का माहौल खराब करने या शांति भंग करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने त्योहार से पहले सभी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पुलिस अधिकारियों को लगातार अपने अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर जनता से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित