अलवर , मई 29 -- राजस्थान में अलवर जिले के विजय मंदिर थाना क्षेत्र में सहनपुरी गांव में खेत में बने बंधे में डूबने से एक युवक की मौत हो गयी। युवक को बंधे में कूदते हुए दूर खड़े एक व्यक्ति ने देखा था, लेकिन जब तक लोग उसे बचाने पहुंचते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई राजेंद्र ने बताया कि उनके खेत में सिंचाई के लिए बंधा बना हुआ है। उसका भाई मिश्री दोपहर करीब ढाई बजे खेत पर गया था। इसी दौरान वह बंधे में गिर गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिसकर्मी ने बताया कि युवक ने खुद बंधे में छलांग लगाई थी। सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित