एमसीबी , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ के एमसीबी जिले में बढ़ती गर्मी और जल संकट के बीच लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) द्वारा बंद पड़े हैंडपंपों की मरम्मत और संधारण कार्य किए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता में सुधार हुआ है। कई गांवों में खराब पड़े हैंडपंपों को दुरुस्त कर पुनः चालू किया गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर जल संकट में कमी आई है।

जिला पीआरओ ने गुरुवार को बताया कि विकासखंड खड़गवां के ग्राम पंचायत सलका के स्कूल पारा में लंबे समय से खराब पड़े हैंडपंप को सुधार कर पुनः चालू किया गया। इस हैंडपंप के बंद रहने से आसपास के ग्रामीणों को पेयजल के लिए अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा था, जिससे उन्हें दूरी तय करनी पड़ती थी और अतिरिक्त समय व संसाधन खर्च होते थे।

हैंडपंप के चालू होने के बाद स्कूल पारा सहित आसपास के बस्तियों में रहने वाले लोगों को राहत मिली है। स्थानीय स्तर पर पानी उपलब्ध होने से दैनिक उपयोग के लिए पानी की व्यवस्था आसान हुई है। पहले जहां ग्रामीणों को पानी लाने के लिए दूर जाना पड़ता था, वहीं अब गांव में ही सुविधा मिलने से समय और श्रम की बचत हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित